प्रवासी मजदूरों के लिए सुकून भरे होंगे अगले पांच दिन, हरियाणा से इन प्रदेशों में जाएंगी 19 ट्रेनें

22 मई से 27 मई तक हरियाणा से बिहार,  छतीसगढ़,  नागालैंड,  त्रिपुरा,  मणिपुर,  अरूणाचल प्रदेश,  असम व मेघालय के लिए 19 रेलगाड़ियां चलेंगी, सबसे ज्यादा 15 बिहार के लिए

0
78
फोटो : अनस्प्लाश

चंडीगढ़। दूसरे प्रदेशों से आकर हरियाणा में काम करने वाले उन प्रवासी मजदूरों के लिए अच्छी खबर है जो अपने घर जाना चाहते हैं। आज 22 से 27 मई तक यहां से बिहार,  छतीसगढ़,  नागालैंड,  त्रिपुरा,  मणिपुर,  अरूणाचल प्रदेश,  असम व मेघालय के लिए 19 रेलगाडिय़ां चलेंगी। जिनमें सबसे ज्यादा बिहार के लिए 15 गाड़ियां शामिल हैं। छतीसगढ़ के लिए एक व पूर्वोत्तर राज्यों के लिए 3 ट्रेनों की अनुमति मिल चुकी है।

एडीजीपी सीआईडी अनिल कुमार राव ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घर जाने के इच्छुक प्रवासी श्रमिकों और खेतीहर मजदूरों को उनके गृह राज्यों में मुफ्त में भेजने की घोषणा की हुई है। अब तक 2 लाख 38 हजार से अधिक प्रवासी श्रमिकों को विभिन्न विशेष श्रमिक रेलगाड़ियों व बसों के माध्यम से हरियाणा सरकार के खर्चे पर उनके गृह राज्यों में पहुंचाया जा चुका है।
21 मई तक प्रदेश से 57 रेलगाडिय़ां प्रवासी श्रमिकों को लेकर उनके गृहराज्य जा चुकी हैं जिनमें से 40 बिहार व 17 ट्रेनें मध्य प्रदेश गई हैं। इसी तरह 4600 से अधिक बसों के माध्यम से भी श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थल तक भेजा गया है। इनमें 4300 बसें उत्तर प्रदेश, 167 बसें राजस्थान, 73 बसें मध्य प्रदेश, 9 बसें पंजाब, 9 बसें उतराखंड तथा शेष बसें हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर व अन्य राज्यों में भेजी जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि आज प्रदेश के विभिन्न जिलों से 400 बसों द्वारा उत्तर प्रदेश के 4 कलस्टरों बरेली,  अलीगढ़, मुरादाबाद व इटावा के लिए करीब 12 हजार श्रमिकों को भेजा गया है। इसी प्रकार आज तीन ट्रेनों के जरिए बिहार के लिए कुल 3840 श्रमिकों को रवाना किया गया। अंबाला रेलवे स्टेशन से मुजफ्फरपुर (बिहार) के लिए 1200 श्रमिक, फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से बरौनी (बिहार) के लिए 1400 श्रमिक तथा हिसार रेलवे स्टेशन से किशनगंज (बिहार) के लिए 1240 श्रमिकों को रेलगाड़ी के माध्यम से भेजा गया।

राव ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों में से एक लाख 17 हजार से अधिक श्रमिक उत्तर प्रदेश, 50 हजार से अधिक बिहार, 28 हजार से अधिक मध्य प्रदेश व 15 हजार से अधिक उतराखंड राज्य के श्रमिकों को उनकी इच्छा के अनुसार हरियाणा सरकार द्वारा उनके गृह राज्य भेजा गया है।

पूर्वोत्तर की तीन ट्रेनें कहां से कहां तक जाएंगी

22 मई को एक रेलगाड़ी गुरूग्राम से चलकर वाया गुवाहाटी होते हुए दीमापुर (नागालैंड) जाएगी। इसमें अरूणाचल, मेघालय, नागालैंड व असम राज्य के यात्री जाएंगे।

23 मई को गुरूग्राम से चलकर वाया गुवाहाटी होते अगरतला (त्रिपुरा) जाने वाली रेलगाड़ी में त्रिपुरा व असम राज्य के लोग जाएंगे।

25 मई को गुरूग्राम से चलकर वाया गुवाहाटी होते हुए जिरीबाम (मणिपुर) जाने वाली रेलगाड़ी में मणिपुर राज्य के लोग अपने गृह राज्य में जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here